आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर लखनऊ में नारी शिक्षा निकेतन स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्राओं और अध्यापिकाओं ने प्रभात फेरी निकालकर हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में एडवोकेट अनुराग पाण्डेय ने संबोधन देते हुए लोगों से घर घर तिरंगा लगाने की अपील की। उन्होंने इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए डॉ शोभा त्रिपाठी के प्रति धन्यवाद अर्पित किया। इस दौरान छात्राओं ने जन जागरूकता के लिए प्रभात फेरी निकालकर गली मोहल्लों में घूम घूमकर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस प्रभात फेरी के दौरान "घर घर तिरंगा लगाएंगे", "अमृत महोत्सव मनाएंगे", "वंदे मातरम", "भारत माता की जय" इत्यादि नारे लगाते हुए लोगों से जन अभियान से जुडने की अपील की। गौरतलब है कि हर घर तिरंगा अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए इन सभी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जागृत करना तथा महान राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना है।